विराट कोहली ने आईपीएल 2024 में अपने प्रदर्शन से आगामी टी20 वर्ल्ड कप में उनके चयन को लेकर चल रहे सभी संदेह को दूर कर दिया है। स्टार बल्लेबाज ने घातक प्रदर्शन जारी रखते हुए ऑरेंज कैप पर कब्जा किया हुआ है। अब सवाल है कि क्या विराट कोहली को रोहित शर्मा के साथ मेगा इवेंट में ओपनिंग करनी चाहिए? बीसीसीआई और चयनकर्ताओं ने इस ओर सोचना अभी बंद नहीं किया है।
2 जून से टी20 वर्ल्ड कप का आगाज होने जा रहा है। रोहित शर्मा और विराट कोहली संभवतः आखिरी बार इस टूर्नामेंट में उतरेंगे। सलामी बल्लेबाज के लिए एक छोर रोहित शर्माने पहले ही पक्का किया हुआ है। अब, दूसरे छोर पर विराट कोहली के नाम पर भी चर्चा की जा सकती है। स्टार बल्लेबाज के बल्लेबाजी क्रम को लेकर काफी सोच-विचार किया जा रहा है।
भारतीय टीम को फिलहाल संयोजन की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विराट नंबर 3 पर खुद को साबित कर चुके हैं और जमे हुए हैं। लेकिन अभी भी कोहली के ओपनिंग करने की संभावनाएं हैं।
विराट और रोहित होंगे सलामी जोड़ी?
बीसीसीआई के एक सूत्र ने इनसाइडस्पोर्ट से बातचीत में कहा, “बेशक, एक सलामी बल्लेबाज के रूप में विराट को कभी भी खारिज नहीं किया जाता है। अगर टीम प्रबंधन को लगता है कि इससे दूसरे खिलाड़ी को जगह देने में मदद मिल सकती है तो क्यों नहीं। बैटिंग पोजीशन के मामले में विराट काफी लचीले रहे हैं. वह नियमित रूप से अपनी आईपीएल टीम आरसीबी के लिए भी ओपनिंग करते हैं। तो, उनके आसपास ऐसे कोई मुद्दे नहीं हैं। लेकिन यह टीम प्रबंधन का निर्णय है।”
बतौर ओपनर कैसा है कोहली का रिकॉर्ड?
रोहित शर्मा को सलामी बल्लेबाज के रूप में बखूबी सराहना मिलती है, लेकिन विराट कोहली इस बल्लेबाजी क्रम में उनसे बिल्कुल भी पीछे नहीं है। बल्कि कोहली का रोहित से भी ज्यादा बेहतर रिकॉर्ड है।
विराट कोहली ने बतौर सलामी बल्लेबाज आईपीएल में आरसीबी के लिए 103 मैच खेले हैं। इस दौरान उनका औसत 45.66 और स्ट्राइक रेट 136.26 का रहा है और उन्होंने कुल 3927 रन बनाए हैं। इसी के साथ कोहली के सभी 8 आईपीएल शतक भी बतौर ओपनर ही आए हैं।
टी20 इंटरनेशनल में विराट कोहली ने 9 पारियों में ओपनिंग की है। इस दौरान उन्होंने 57.14 की औसत और 161.29 के स्ट्राइक रेट से 400 रन बटोरे हैं। साथ ही उनके नाम एक शतक भी दर्ज है।
बतौर ओपनर विराट कोहली और रोहित शर्मा के आंकड़े
IPL | T20I | |||||||
Player | Mat | Runs | Avg | SR | Mat | Runs | Avg | SR |
Virat Kohli | 103 | 3927 | 45.66 | 136.26 | 9 | 400 | 57.14 | 161.29 |
Rohit Sharma | 92 | 2449 | 28.15 | 130.4 | 116 | 3493 | 32.34 | 142.11 |
Courtesy: Howstats