Novak Djokovic win US Open 2023: सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने रविवार को फाइनल में रूस के दानिल मेदवेदेव को सीधे सीटों में हराते हुए यूएस ओपन 2023 का खिताब जीत लिया। इसके साथ ही जोकोविच ने अपना 24वां सिंगल्स ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया। जोकोविच ने कुल मिलाकर अपना चौथा यूएस ओपन खिताब जीता। इस जीत के साथ जोकोविच ने दो साल पहले मेदवेदेव के हाथों यूएस ओपन के फाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया।
36 वर्षीय जोकोविच ने फाइनल में मेदवदेव को सीधे सेटों में 6-3, 7-6 (7/5), 6-3 से हराते हुए यूएस ओपन के इतिहास में सबसे उम्रदराज चैंपियन बन गए। इस जीत के साथ जोकोविच चार बार एक ही सीजन में तीन ग्रैंड स्लैम जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इस सीजन में एकमात्र ग्रैंड स्लैम उन्होंने जुलाई में कार्लोस अल्कराज के हाथों विंबलडन फाइनल में मिली हार से गंवाया था।
कभी नहीं सोचा था 24 ग्रैंड स्लैम जीतूंगा: जोकोविच
जीत के बाद 24 नंबर लिखी टी-शर्ट पहने जोकोविच ने कहा, ”मैं नहीं जानता कि कहां से शुरू करूं। निश्चित तौर पर मेरे लिए इसका मतलब दुनिया है। इसका वर्णन करना मुश्किल है। मैं इस खेल में उच्चतम स्तर पर खेलने के अपने बचपन के सपने को जी रहा हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं यहां 24 ग्रैंड स्लैम के बारे में बात करूंगा।”
जोकोविच के खिलाफ पांच ग्रैंड स्लैम फाइनल में चौथी हार के बाद यूएस ओपन उपविजेता मेदवेदेव ने कहा, ”सबसे पहले मैं नोवाक से पूछना चाहता हूं: आप अब भी यहां क्या कर रहे हैं? मैं नहीं जानता कि आप कब धीमे होने की योजना बना रहा हैं।” मेदवेदेव ने कहा, ”मेरा मतलब है 24, मुझे लगता है कि मेरा करियर खराब नहीं है, मेरे पास 20 खिताब हैं और आपके पास 24 ग्रैंड स्लैम। वाह।”
मेदवेदेव ने 2021 के यूएस ओपन फाइनल में जोकोविच को हराकर उन्हें 1969 में रॉड लेवर के बाद एक ही सीजन में चारों ग्रैंड स्लैम जीतने वाला पहला खिलाड़ी बनने से रोक दिया था।
नोवाक जोकोविच के 24 ग्रैंड स्लैम खिताबों की लिस्ट
ऑस्ट्रेलियन ओपन – 10 (2008, 2011, 2012, 2013, 2015, 2016, 2019, 2020, 2021, 2023)
फ्रेंच ओपन – 3 (2016, 2021, 2023)
विंबलडन – 7 (2011, 2014, 2015, 2018, 2019, 2021, 2022)
यूएस ओपन -4 (2011, 2015, 2018, 2023)
सबसे ज्यादा मेंस ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब जीतने वाले खिलाड़ी
नोवाक जोकोविच: 24
राफेल नडाल: 22
रोजर फेडरर: 20
पीट सम्प्रास: 14
सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले मेंस-वीमेंस टॉप-10 खिलाड़ी (प्री और ओपन एरा में)
खिलाड़ी | देश | ग्रैंड स्लैम खिताब |
मार्गरेट कोर्ट | ऑस्ट्रेलिया | 24 |
नोवाक जोकोविच | सर्बिया | 24 |
सेरेना विलियम्स | अमेरिका | 23 |
स्टेफी ग्राफ | जर्मनी | 22 |
राफेल नडाल | स्पेन | 22 |
रोजर फेडरर | स्विट्जरलैंड | 20 |
हेलन विल्स | अमेरिका | 19 |
क्रिस्टीन एवर्ट | अमेरिका | 18 |
मार्टिना नवरातिलोवा | चेक-अमेरिका | 18 |
पीट सम्प्रास | अमेरिका | 14 |