Cricket
Yashasvi Jaiswal Double Century: यशस्वी जायसवाल ने जड़ा सीरीज का दूसरा दोहरा शतक

Yashasvi Jaiswal Double Century: यशस्वी जायसवाल ने जड़ा सीरीज का दूसरा दोहरा शतक

Yashasvi Jaiswal Double Century
Yashasvi Jaiswal Double Century: यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में दोहरा शतक जड़ा।

भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में दोहरा शतक जड़ा। ये उनके करियर का दूसरा दोहरा शतक है, इससे पहले उन्होंने इसी सीरीज में अपना पहला दोहरा शतक बनाया था।

यशस्वी जायसवाल ने जो रुट द्वारा डाले गए 97वें ओवर की पहली गेंद पर 1 रन लेने के साथ अपना दोहरा शतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने इसी ओवर में 2 बड़े छक्के लगाए। आज यशस्वी किसी गेंदबाज को नहीं बख्श रहे हैं, उन्होंने इससे पहले जेम्स एंडरसन की 3 गेंदों पर लगातार 3 छक्के मारे थे।

शतक के बाद हुए थे रिटायर हर्ट, लौटे तो जड़ा दोहरा शतक

यशस्वी जायसवाल ने कल भी इसी अंदाज में बल्लेबाजी की थी, उन्होंने अपना शतक पूरा किया था लेकिन कल उन्हें मामूली चोट लग गई थी जिसके कारण उन्हें मैदान से जाना पड़ा था। आज कुलदीप यादव के आउट होने के बाद वह वापस मैदान पर आए और उसी अंदाज में बल्लेबाजी की, जहां से छोड़कर गए थे। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का दूसरा दोहरा शतक जड़ा, इससे पहले उन्होंने इसी सीरीज के दूसरे मैच में दोहरा शतक बनाया था।

यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट डेब्यू में ही 171 रनों की शानदार पारी खेली थी, जो मुकाबला वेस्टइंडीज के साथ था। इसके बाद 8 पारियों में उनके बल्ले से 2 अर्धशतकीय पारी आई। भारत बनाम इंग्लैंड 2024 टेस्ट सीरीज के दूसरे टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 209 रन बनाए थे, जो उनके करियर का पहला दोहरा शतक था।

एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड

यशस्वी जायसवाल ने इस पारी में एक ख़ास रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने पारी का नौवा छक्का लगाया तो वह टेस्ट इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए।

12 छक्कों के साथ उन्होंने वसीम अकरम के वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी की। दोनों संयुक्त रूप से एक टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर है। दोनों के नाम 12-12 छक्के हैं, अकरम ने ये कारनामा 1996 में ज़िम्बाब्वे के खिलाफ किया था।

भारत ने 430 रनों पर अपनी दूसरी पारी घोषित की और इंग्लैंड के सामने 557 रनों का लक्ष्य रखा। जायसवाल ने 12 छक्के और 14 चौकों की मदद से 214 रन बनाए, वह नाबाद रहे। डेब्यू टेस्ट खेल रहे सरफराज खान ने नाबाद 68 रन बनाए, इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जड़े।

Editors pick