Cricket
U19 World Cup: भारत को फाइनल में पहुंचा चुके हैं ये 8 कप्तान, यश धुल ऐसा करने वाले दिल्ली के तीसरे खिलाड़ी

U19 World Cup: भारत को फाइनल में पहुंचा चुके हैं ये 8 कप्तान, यश धुल ऐसा करने वाले दिल्ली के तीसरे खिलाड़ी

U19 World Cup: भारत को फाइनल में पहुंचा चुके हैं ये 8 कप्तान, Yash Dhul ऐसा करने वाले दिल्ली के तीसरे खिलाड़ी U19 World Cup final Virat Kohli
U19 World Cup final, Mohammad Kaif, Virat Kohli: भारत और इंग्लैंड के बीच अंडर-19 विश्वकप (U19 World Cup) का फाइनल मुकाबला शनिवार, 5 फरवरी को एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। अंडर-19 विश्वकप के इतिहास में यह 8वीं बार है जब भारत इस टूर्नामेंट का फाइनल खेलेगा। अब तक आठ भारतीय कप्तान […]

U19 World Cup final, Mohammad Kaif, Virat Kohli: भारत और इंग्लैंड के बीच अंडर-19 विश्वकप (U19 World Cup) का फाइनल मुकाबला शनिवार, 5 फरवरी को एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा। अंडर-19 विश्वकप के इतिहास में यह 8वीं बार है जब भारत इस टूर्नामेंट का फाइनल खेलेगा। अब तक आठ भारतीय कप्तान अंडर-19 विश्वकप में अपनी टीम को फाइनल में पहुंचा चुके हैं। वहीं यश धुल (Yash Dhul) ऐसा करने वाले तीसरे दिल्ली के खिलाड़ी हैं। इससे पहले विराट कोहली और उनमुक्त चंद ऐसा कर चुके हैं। खेल की ताजा खबरों के लिए जुड़े रहिए- hindi.insidesport.in

मोहम्मद कैफ (साल- 2000)
1988 में शुरू हुए अंडर-19 विश्वकप में भारत को पहली जीत साल 2000 में मिली। मोहम्मद कैफ की कप्तानी में भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 6 विकेट से हराया था। इसके बाद कैफ को भारतीय टीम में खेलने का मौका मिला। वह फील्ड पर अपनी मुस्तैदी की लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 13 टेस्ट में भारत के लिए 32.84 के औसत से 624 रन बनाए। वहीं 125 वनडे में उनके बल्ले से 2753 रन निकले। यहां भी उनका औसत 32.01 का था। इन दिनों कैफ कमेंट्री और कोचिंग कर रहे हैं।

रविकांत शुक्ला (साल 2006)
भारतीय जूनियर टीम दूसरी बार साल 2006 में रविकांत शुक्ला की कप्तानी में अंडर- 19 विश्वकप के फाइनल में पहुंची थी। श्रीलंका में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 38 रन से मात दी थी। निर्णायक मुकाबले में पाकिस्ताने ने 109 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम 71 रन ही बना सकी थी। इसके बाद रविकांत शुक्ला कुछ खास नहीं कर पाए। वहीं इस टीम के कई खिलाड़ी (चेतेश्वर पुजारा, रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा और पीयुष चावला) अभी भी भारतीय क्रिकेट में सक्रिय हैं।

विराट कोहली (साल 2008)
साल 2008 में भारत ने तीसरी बार विराट कोहली की कप्तानी में अंडर-19 विश्वकप (U19 World Cup) का फाइनल खेला था। मलेशिया में खेले गए टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 12 रन से मात दी थी। इसके बाद से विराट कोहली ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लंबे समय तक भारतीय टीम की कप्तानी की।

उनमुक्त चंद (साल 2012)
उनमुक्त चंद की कप्तानी में साल 2012 में भारतीय जूनियर टीम ने तीसरी बार खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से मात दी थी। निर्णायक मुकाबले में उनमुक्त ने नाबाद 111 रन की पारी खेली थी। इसके बाद चंद को भारतीय टीम में खेलने के ज्यादा अवसर नहीं मिले और उन्होंने 28 साल की उम्र में संन्यास ले लिया। अब वह अमेरिका की ओर से क्रिकेट खेल रहे हैं।

ईशान किशन ( साल 2016)
साल 2016 में भारतीय टीम 5वीं बार अंडर-19 विश्वकप (U19 World Cup) के फाइनल में पहुंची थी। ईशान किशन इस टीम की कमान संभाल रहे थे। हालांकि फाइनल मुकाबले में भारत को वेस्टइंडीज के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से किशन को आईपीएल खेलने का मौका मिला। वह भारत के लिए भी खेल रहे हैं।

पृथ्वी शॉ (साल 2018)
साल 2018 में भारतीय अंडर-19 टीम छठी बार फाइनल में पहुंची और पृथ्वी शॉ की कप्तानी में चौथी बार चैंपियन बनी। फाइनल मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से मात दी थी। इसके बाद से शॉ लगातार आईपीएल खेल रहे हैं। समय-समय पर उन्हें भारतीय टीम में भी मौके मिल रहे हैं। आईपीएल में शॉ ने 53 मैच में 24.62 के औसत और 146.3 के स्ट्राइक रेट से 1305 रन बनाए हैं।

प्रियम गर्ग (साल 2020)
साल 2020 में भारतीय टीम सातवीं बार और लगातार तीसरी बार अंडर-19 विश्वकप (U19 World Cup) के फाइनल में पहुंची थी। इस समय टीम के कप्तान प्रियम गर्ग थे। फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश ने भारत को 3 विकेट से मात दी थी। इसके बाद गर्ग को आईपीएल खेलने का मौका मिल, हालांकि यहां उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने 19 आईपीएल मुकाबलों में 14.64 के औसत से 205 रन बनाए।

यश धुल (साल 2022)
साल 2022 में भारत रिकॉर्ड 8वीं बार और लगातार चौथी बार अंडर-19 विश्वकप के फाइनल में पहुंचा है। यश धुल की कप्तानी में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में 96 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 290 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पारी 41.5 ओवर में 194 रन के स्कोर पर सिमट गई। भारत की ओर से कप्तान यश धुल ने 110 रन और शेख रशीद ने 94 रनों की पारी खेली। धुल पर आईपीएल के मेगा ऑक्शन में भी बड़ी बोली लग सकती है।

भारत के नाम सबसे ज्यादा फाइनल खेलने का रिकॉर्ड

  • टीम इंडिया लगातार चौथी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है।
  • इससे पहले 2016, 2018 और 2020 में भी भारतीय टीम फाइनल में पहुंची थी और 2018 में ट्रॉफी भी अपने नाम की थी।
  • भारतीय टीम अब 8वीं बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। टीम के नाम अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड है।
  • इंडिया 2000, 2006, 2008, 2012, 2016, 2018, 2020 और 2022 फाइनल में पहुंची है। भारत ने 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीता।
  • 2006, 2016 और 2020 में फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। भारत सबसे ज्यादा चार बार यह टूर्नामेंट जीत चुका है।

क्रिकेट और अन्य खेल से सम्बंधित खबरों को पढ़ने के लिए हमें गूगल न्यूज (Google News) पर फॉलो करें

Editors pick