Cricket
IND vs NZ Highlights: भारत की लगातार दूसरी हार, न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से हराया; Virat Kohli की टीम के लिए सेमीफाइनल की राह अब कठिन

IND vs NZ Highlights: भारत की लगातार दूसरी हार, न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से हराया; Virat Kohli की टीम के लिए सेमीफाइनल की राह अब कठिन

IND vs NZ Highlights, T20 World Cup 2021, India vs New Zealand- भारत की लगातार दूसरी हार, न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से हराया
IND vs NZ Highlights (India vs New Zealand)-T20 World Cup 2021: टी20 वर्ल्ड कप का 28वां मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में खेला गया। रविवार (31 अक्टूबर) को न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। उनके गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित किया। टीम […]

IND vs NZ Highlights (India vs New Zealand)-T20 World Cup 2021: टी20 वर्ल्ड कप का 28वां मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में खेला गया। रविवार (31 अक्टूबर) को न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। उनके गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित किया। टीम इंडिया 20 ओवर में 7 विकेट पर 110 रन ही बना सकी। इसके बाद कीवी बल्लेबाजों ने 14.3 ओवर में 2 विकेट पर 111 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। अब टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की राह कठिन हो गई है। खेल की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए hindi.insidesport.in

पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बाद एक बार फिर भारतीय बल्लेबाज फेल हो गए।भारत के लिए इस मैच में सबसे ज्यादा रन रविंद्र जडेजा ने बनाए। उन्होंने 19 गेंद पर नाबाद 26 रन बनाए। इस दौरान दो चौके और एक छक्का लगाया। हार्दिक पंड्या 23, केएल राहुल 18, रोहित शर्मा 14, ऋषभ पंत 12, विराट कोहली 9 और ईशान किशन 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शार्दूल ठाकुर खाता भी नहीं खोल सके। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। ईश सोढ़ी को दो सफलता मिली। टिम साउदी और एडम मिल्ने ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।

IND vs NZ Highlights (India vs New Zealand)-T20 World Cup 2021: न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों की बात करें तो मार्टिन गुप्टिल 17 गेंद पर 20 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद डैरेल मिशेल 49 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान विलियमसन और डेवॉन कॉनवे ने मिलकर टीम को जीत दिला दी। विलियमसन 31 गेंद पर 33 रन बनाकर नाबाद रहे। कॉनवे ने नाबाद दो रन बनाए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने दोनों विकेट लिए।

भारत के लिए अब सेमीफाइनल की राह इतनी कठिन हो गई है कि अफगानिस्तान अगर न्यूजीलैंड को हरा देता है तो वह भी दौड़ में बना रहेगा। वह भी तब जब भारत अफगानिस्तान, नामीबिया और स्कॉटलैंड तीनों को हरा दे।

न्यूजीलैंंड की पारी के अपडेट्स:

  • 13वां ओवर: जसप्रीत बुमराह ने इस ओवर में टीम इंडिया को दूसरी सफलता दिलाई। हालांकि, इस एक विकेट से टीम इंडिया अब जीत नहीं जाएगी। लेकिन नेटरनरेट में यह काम आएगा। बुमराह ने डैरेल मिशेल को 49 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया।
  • 12वां ओवर: विराट कोहली ने इस टूर्नामेंट में पहली बार हार्दिक पंड्या को गेंदबाजी के लिए बुलाया। उन्होंने पांच रन दिए।
  • 11वां ओवर: जसप्रीत बुमराह एक बार फिर गेंदबाजी के लिए आए। उन्हें निराश होना पड़ा। वे टीम इंडिया को इस ओवर में विकेट नहीं दिला सके।
  • 10वां ओवर: विराट कोहली ने गेंदबाजी के लिए शार्दूल ठाकुर को बुलाया। डैरेल मिशेल ने शार्दूल की जमकर धुनाई की। उन्होंने एक छक्का और दो चौके लगाए।
  • नौवां ओवर: वरुण चक्रवर्ती को इस ओवर में भी सफलता नहीं मिली। उनका ये चौथा और आखिरी ओवर था। वरुण ने 23 रन दिए। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 66 गेंद पर 42 रन बनाने हैं।
  • आठवां ओवर: रविंद्र जडेजा के लिए एक ओवर खराब गुजरा। इस ओवर में उन्होंने 9 रन दिए। न्यूजीलैंड की टीम धीरे-धीरे जीत के करीब पहुंच रही है।
  • सातवां ओवर: मोहम्मद शमी को विराट कोहली ने गेंदबाजी के लिए बुलाया। न्यूजीलैंड के लिए यह ओवर भी शानदार रहा। इस ओवर में 11 रन बने। भारत टीम धीरे-धीरे हार के करीब बढ़ रही है।
  • छठा ओवर: पावरप्ले के आखिरी ओवर में डैरेल मिशेल ने पावरफुल बल्लेबाजी की। उन्होंने रविंद्र जडेजा के ओवर में एक छक्का और दो चौके लगाए। इस ओवर में 14 रन आने से न्यूजीलैंड के ऊपर से दबाव कम हो गया है।
  • पांचवां ओवर: वरुण ने अपने स्पैल का तीसरा ओवर किया। उन्होंने वापसी करते हुए सिर्फ दो रन दिए। हालांकि, वरुण को एक बार फिर विकेट नहीं मिला।
  • चौथा ओवर: जसप्रीत बुमराह ने इस ओवर में भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने मार्टिन गुप्टिल को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। गुप्टिल 17 गेंद पर 20 रन बनाकर शार्दूल ठाकुर को कैच थमा बैठे। गुप्टिल के आउट होने के बाद केन विलियमसन क्रीज पर आए।
  • तीसरा ओवर: कप्तान विराट कोहली ने फिर से वरुण चक्रवर्ती को गेंदबाजी के लिए बुलाया। वे इस ओवर में भी विकेट नहीं ले सके। उन्होंने 12 रन दिए।
  • दूसरा ओवर: जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए एक शानदार ओवर किया। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ एक रन दिए।
  • पहला ओवर: भारत के गेंदबाजों से चमत्कार की उम्मीद है। कप्तान विराट कोहली ने पहला ओवर वरुण चक्रवर्ती से कराया। उन्होंने पांच रन दिए। टीम इंडिया को पावरप्ले में कम से कम दो-तीन विकेट की तलाश है।

IND vs NZ Highlights (India vs New Zealand)-T20 World Cup 2021: भारत की पारी के अपडेट्स:

  • 20 ओवर: रविंद्र जडेजा ने 11 रन बनाए। उन्होंने एक छक्का लगाया भी लगाया। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 110 रन बनाए।
  • 19वां ओवर: लगातार अनफिट चल रहे हार्दिक पंड्या सेट होने के बाद आउट हो गए। वे 24 गेंद पर 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर मार्टिन गुप्टिल ने उनका कैच लिया। इस ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ट ने शार्दूल ठाकुर को गुप्टिल के ही हाथों कैच कराया। शार्दूल खाता भी नहीं खोल सके।
  • 18वां ओवर: भारत ने इस ओवर में 8 रन बनाए। रविंद्र जडेजा ने आखिरी गेंद पर चौका लगाया।
  • 17वां ओवर: इस ओवर में हार्दिक पंड्या ने एक चौका लगाया। ट्रेंट बोल्ट के ओवर में कुल 8 रन बने। अब आखिरी 18 गेंद पर टीम इंडिया क्या करती है यह देखना रोचक होगा।
  • 16वां ओवर: एक ओवर जिसमें भारतीय बल्लेबाज बाउंड्री नहीं लगा सके। टीम इंडिया के लिए पिछली बाउंड्री छठे ओवर की पहली गेंद (5.1 ओवर) पर आई थी। हार्दिक पंड्या और रविंद्र जडेजा ने ईश सोढ़ी के इस ओवर में चार रन बनाए।
  • 15वां ओवर: भारतीय बल्लेबाजी के अहम सदस्य ऋषभ पंत एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप में फ्लॉप हो गए। उन्हें एडम मिल्ने ने क्लीन बोल्ड कर दिया। पंत 19 गेंद पर 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस दौरान उनके बल्ले से एक भी बाउंड्री नहीं निकली।
  • 14वां ओवर: ईश सोढ़ी ने इस ओवर में सिर्फ 5 रन दिए। हार्दिक पंड्या ने दूसरी गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाना चाहा, लेकिन जेम्स नीशम ने शानदार फील्डिंग करते हुए उसे नहीं जाने दिया।
  • 13वां ओवर: इस ओवर में पंत और हार्दिक ने सिर्फ 4 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों को अब तेजी से रन बनाने होंगे। भारत के पास सिर्फ 7 ओवर हैं। इन सात ओवरों में 80-90 रन बनाने होंगे।
  • 12वां ओवर: भारतीय टीम के दो विस्फोटक बल्लेबाज हार्दिक पंड्या और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। पंड्या 7 गेंद पर 6 और पंत 11 गेंद पर 7 रन बनाकर नाबाद हैं। 12वें ओवर में दोनों ने मिलकर 6 रन बनाए।
  • 11वां ओवर: विराट कोहली के रूप में भारत को इस ओवर में सबसे बड़ा झटका लगा। ईश सोढ़ी ने करोड़ो भारतीय क्रिकेट फैंस के दिल को तोड़ते हुए कोहली को आउट कर दिया। विराट छक्का मारने के प्रयास में बाउंड्री पर ट्रेंट बोल्ट को कैच थमा बैठे। कोहली ने 17 गेंद पर 9 रन बनाए।
  • 10वां ओवर: भारत के लिए यह ओवर भी कुछ खास नहीं रहा। कोहली और पंत ने मिलकर पांच रन बनाए। भारत की आधी पारी समाप्त हो चुकी है। टीम इंडिया ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 48 रन बनाए हैं।
  • नौवां ओवर: एडम मिल्ने के इस ओवर में सिर्फ दो रन बने। मिल्ने को उनके पहले ओवर में राहुल और रोहित ने चौके-छक्के मारे थे। इस बार उन्होंने वापसी की।
  • आठवां ओवर: इस ओवर में भारत को और झटका लगा। रोहित शर्मा आउट हो गए। ईश सोढ़ी की गेंद पर छक्का मारने के प्रयास में वो बाउंड्री पर लपके गए। मार्टिन गुप्टिल ने आगे की ओर डाइव लगाते हुए उनका कैच लिया। रोहित ने 14 गेंद पर 14 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद ऋषभ पंत क्रीज पर उतरे हैं।
  • सातवां ओवर: रोहित शर्मा के साथ कप्तान विराट कोहली क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड के सातवां ओवर मिशेल सैंटनर ने किया। इस ओवर में सिर्फ दो रन बने।
  • छठा ओवर: इस ओवर में भारत को बड़ा झटका लगा। ओपनर केएल राहुल को टिम साउदी ने पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। राहुल 16 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने तीन चौके लगाए। राहुल के बाद विराट कोहली क्रीज पर आए हैं।
  • पांचवां ओवर: एडम मिल्ने के इस ओवर में केएल राहुल और रोहित शर्मा ने तेजी से रन बनाए। पहले राहुल ने चौका मारा। इसके बाद रोहित ने चौके और छक्के लगाए। मिल्ने ने ही रोहित का कैच छोड़ा था।
  • चौथा ओवर: केन विलियमसन ने गेंदबाजी में बदलाव करते हुए बाएं हाथ के स्पिनर मिशेल सैंटनर को बुलाया। उन्होंने सिर्फ दो रन दिए।
  • तीसरा ओवर: भारत को पहला झटका लगा। ट्रेंट बोल्ट ने ईशान किशन को आउट कर दिया। रोहित की जगह ओपनिंग करने उतरे किशन 8 गेंद पर 4 रन बनाकर डेरेल मिशेल को कैच थमा बैठे। अगली ही गेंद पर रोहित शर्मा को जीवनदान मिला। मुंबई इंडियं की ओर से आईपीएल में खेलने वाले एडम मिल्ने उनका कैच टपका दिया।
  • दूसरा ओवर: भारत ने इस ओवर में 5 रन बनाए। टिम साउदी की गेंद पर राहुल ने एक चौका लगाया। फिर आखिरी गेंद पर सिंगल लिया।
  • पहला ओवर: भारत के लिए इस मैच में ओपनिंग जोड़ी में बड़ा बदलाव हुआ। नियमित ओपनर और सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा की जगह ईशान किशन को केएल राहुल के साथ भेजा गया। पहले ओवर में सिर्फ एक रन बना।

IND vs NZ Highlights (India vs New Zealand)-T20 World Cup 2021: विराट कोहली ने टीम में दो बदलाव किए। चोटिल सूर्यकुमार यादव की जगह ईशान किशन और भुवनेश्वर कुमार की जगह शार्दूल ठाकुर को टीम में शामिल किया गया। न्यूजीलैंड ने टिम साइफर्ट की जगह एडम मिल्ने को टीम में शामिल किया है। डेवोन कॉनवे विकेटकीपिंग करेंगे।

IND vs NZ Highlights (India vs New Zealand)-T20 World Cup 2021: : दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: ईशान किशन, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, शार्दूल ठाकुर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी।

न्यूजीलैंड: मार्टिन गुप्टिल, डेरेल मिशेल, केन विलियमसन (कप्तान), जेम्स नीशम, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, एडम मिल्ने, ट्रेंट बोल्ट।

 

 

 

खेल की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए hindi.insidesport.in

Editors pick